मीडिया में करियर बनाना चाहती थीं देश की सबसे अमीर महिला रोशनी नाडर

मुंबई। एचसीएल टेक्नोलॉजीज़ की नई चेयरपर्सन अब रोशनी नाडर मल्होत्रा हैं। 38 साल की रोशनी वो शख्सियत हैं, जिन्हें भले ही बिजनेस पिता शिव नाडर से विरासत में मिला है, पर अपनी सूझबूझ, फैसलों और काबिलियत के दम पर रोशनी आज भारत की सबसे अमीर महिला हैं। शिव नाडर द्वारा एचसीएल के चेयरमैन का पद छोड़ने के बाद अब रोशनी ने यह अहम जिम्मेदारी संभाली है।


वेल्थ हुरुन रिच लिस्ट के मुताबिक 36,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ रोशनी भारत की सबसे अमीर महिला हैं। 2019 में फोर्ब्स की विश्व की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में उन्हें 54वां स्थान मिला था।  पिता की एक कमरे से शुरू की गई कंपनी को कैसे रोशनी ने आगे बढ़ाया और कैसे वो देश की सबसे अमीर महिला बनीं, यह  कहानी कई लोगों को प्रेरित करती है। रोशनी तमिलनाडु के नेल्लई में नाडर  परिवार में जन्मीं। पिता शिव नाडर  ने 1976 में करीब 2 लाख रुपये की मदद से एक कमरे में कंपनी शुरू की, जिसका नाम रखा एचसीएल टेक्नोलॉजीज़। रोशनी का पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ है। उन्होंने वसंत वैली स्कूल से पढ़ाई की है। इसके बाद रोशनी ने अमेरिका की नॉर्थ-वेस्टर्न यूनिवर्सिटी से रेडियो, टीवी एंड फिल्म की पढ़ाई की है। रोशनी का सपना कभी भी पिता का बिजनेस संभालना नहीं था। वो मीडिया में ही अपना करियर बनाना चाहती थीं।



पिता शिव नाडर के साथ रोशनी नाडर मल्होत्रा


शुरुआत उन्होंने सीएनएन और सीएनएनबीसी में इंटर्नशिप के साथ की। फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में रोशनी ने बताया था कि स्काई न्यूज में उन्हें पहली नौकरी मिली थी। यहां रोशनी बतौर न्यूज प्रोड्यूसर काम करती थीं। इतना ही नहीं रोशनी की म्यूजिक में भी काफी रुचि रही है। उन्होंने शास्त्रीय संगीत की भी शिक्षा ली है।


जब रोशनी ने पिता को बिजनेस आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष करते हुए देखा, तो उन्होंने अपना सपना और पंसद दोनों ही किनारे कर दिए। रोशनी अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं, इसलिए वो पहले से जानती भी थीं कि एक दिन उन्हें अपनी पसंद को छोड़कर जिम्मेदारियों को चुनना पड़ेगा। इसलिए रोशन ने पहले ही अमेरिका के केलॉग्स स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस की पढ़ाई कर ली थी। रोशनी ने पिता की कंपनी को संभाला और उसे इंडस्ट्री में मजबूती से खड़ा करने में जुट गईं। कहा जाता है कि कई विशेष प्रोजेक्ट्स पर रोशनी वन मैन आर्मी की तरह काम करती हैं।


वहीं रोशन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो ये बात बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने सात साल तक शिखर मल्होत्रा को डेट किया था और उसके बाद दोनों ने शादी की। दोनों की मुलाकात कुछ कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी। फोर्ब्स को दिए इंटरव्यू में रोशनी ने अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि शिखर शादी से पहले होंडा कार कंपनी के डिस्ट्रिब्यूटर के तौर पर काम करते थे। फिलहाल अब वो भी एचसीएल से जुड़े हुए हैं। रोशनी और शिखर के दो बेटे हैं।


Popular posts from this blog

देवदास: लेखक रचित कल्पित पात्र या स्वयं लेखक

नई चुनौतियों के कारण बदल रहा है भारतीय सिनेमा

‘कम्युनिकेशन टुडे’ की स्वर्ण जयंती वेबिनार में इस बार ‘खबर लहरिया’ पर चर्चा