प्रवासी कामगारों को घर भेजने के काम में जुटे सोनू सूद, सोशल मीडिया पर छाए

मुंबई। लॉकडाउन के कारण फंसे मजदूरों को घर भेजने के लिए राज्य सरकारें अपने स्तर पर लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन इस दिशा में आम लोग चाह कर भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए हैं।  ऐसे में अभिनेता सोनू सूद ने मायानगरी मुंबई के तमाम लोगों के सामने एक मिसाल पेश की है।  सोनू सूद  प्रवासी मजूदरों की मदद के लिए काफी कुछ रहे हैं। जो भी उनसे घर जाने के लिए मदद मांगता है, वह उसकी व्यवस्था कर रहे हैं। पिछले एक हफ्ते के दौरान सोनू सूद ने एक हज़ार से अधिक लोगों को उनके घर पहुँचाया है। घर पहुंचने की जद्दोजहद में बिना खाना-पानी के तेज धूप में पैदल सैकड़ों मील की यात्रा कर रहे प्रवासी कामगारों की तकलीफों से दुखी सूद ने लॉकडाउन के कारण मुंबई में फंसे मजदूरों को घर भेजने के लिए कई बसों का भी इंतजाम किया। अभिनेता ने कर्नाटक, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश तक मजदूरों को बसों से भिजवाया है। सोनू के इन प्रयासों की जमकर तारीफें हो रही हैं और सोशल मीडिया पर लोग उन्हें अपने अंदाज़ में शुक्रिया कह रहे हैं। 



अब सोनू सूद ने  प्रवासियों को उनके घर पहुंचने में मदद करने के लिए एक टोलफ्री नंबर भी शुरू किया है। टोलफ्री नंबर 18001213711 के जरिए जरुरतमंद व्यक्ति उनकी टीम से संपर्क कर सकता है। सोनू सूद ने बताया, ‘‘मुझे रोजाना काफी फोन आ रहे थे... रोज हजारों कॉल आ रहे थे। मेरा परिवार और मित्र लोगों की सूचनाएं एकत्र करने में जुटे हुए थे, तभी हमें एहसास हुआ कि हमसे तमाम ऐसे लोग छूट जाएंगे जो हमसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए हमने यह कॉल सेंटर बनाने का फैसला लिया, यह टोलफ्री नंबर है।’’ उनका  कहना है कि इसका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके घर पहुंचने में मदद करना है।


दूसरी तरफ अभिनेता, फिल्मकार परेशान हाल लोगों को न सिर्फ पैसे, भोजन और चिकित्सा सहायता मुहैया करा रहे हैं बल्कि अपनी संपत्तियों को क्वारेंटीन सेन्टर के तौर पर इस्तेमाल करने की पेशकश भी कर रहे हैं।अमिताभ बच्चन ने ऑल इंडिया फिल्म इम्प्लॉयज कन्फेडरेशन (एआईएफईसी) से जुडे स्पॉट ब्वॉय,मेकअप कलाकारों सहित 1,00,000 दैनिक कामगारों के परिवारों को एक महीने का राशन देने का प्रण किया है। उनके इस अभियान में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया और कल्याण ज्वैलर्स उनका साथ दे रहे हैं।


सलमान खान का नाम उन कुछ चंद लोगों में शामिल है जो फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों की दिक्कतों को समझते हुए उनकी मदद के लिए शुरुआत में ही सामने आए थे। उन्होंने अपने ‘बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन’के जरिए एफडब्ल्यूआईसीई के 25 हजार कर्मचारियों की सीधी मदद का इरादा किया था। शाहरुख खान ने अपनी पत्नी गौरी खान तथा बिजनेस पार्टनर के साथ मिल कर जरूरतमंदों की मदद के लिए अनेक उपायों की घोषणा की।


इनके अलावा चिरंजीवी, प्रभास, रितिक रोशन, विद्या बालन, फरहान अख्तर,सोनाक्षी, अक्षय कुमार आदि नामों की लंबी फेहरिस्त है जिन्होंने आगे बढ़ कर जरूरतमंदों की मदद की है अथवा उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं।


Popular posts from this blog

देवदास: लेखक रचित कल्पित पात्र या स्वयं लेखक

नई चुनौतियों के कारण बदल रहा है भारतीय सिनेमा

‘कम्युनिकेशन टुडे’ की स्वर्ण जयंती वेबिनार में इस बार ‘खबर लहरिया’ पर चर्चा