देश के हर जिले में सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य

जयपुर।  सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने देश के हर जिले में सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित करने का एलान किया है।  मंत्रालय के कामकाज की वार्षिक समीक्षा प्रस्तुत करते हुए एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।  प्रवक्ता ने बताया कि अगस्त 2019 में आयोजित 7 वें राष्ट्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन में इस बारे में योजना बनाई गई थी, जिसे सरकार ने मंज़ूरी दे दी है।  सरकार का मानना है कि सामुदायिक रेडियो की जीवंत संस्कृति के विकास से जमीनी स्तर पर सूचना के अधिक से अधिक प्रसार में मदद मिलेगी, जिसके परिणामस्वरूप लोग अधिक सशक्‍त होंगे।



प्रवक्ता ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अन्य महत्वपूर्ण क़दमों की जानकारी भी दी और बताया कि मंत्रालय ने देश में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किये हैं।  इसी क्रम में रांची में 1 से 3 फरवरी 2019 तक दूसरे झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया।  महोत्सव को बढ़ावा देने का उद्देश्य उन राज्यों को प्रोत्साहित करना है जिन्होंने सिनेमा को बढ़ावा देने की क्षमता प्रदर्शित की है।


नई दिल्ली में फिल्म समारोह निदेशालय द्वारा भारतीय पैनोरमा फिल्म महोत्सव आयोजित किया गया।  इस तरह के महोत्‍सव दर्शकों को भाषा की बाधा से ऊपर उठने और एक-दूसरे की संस्कृति को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं, साथ ही विभिन्न शहरों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाते हैं। 69वें बर्लिन फिल्म महोत्सव में भारतीय मंडप ने भारतीय सिनेमा को विदेशी बाजार में लोकप्रिय बनाने और व्यापार के नए अवसर बढ़ाने के एक मंच के रूप में काम किया।


कान फिल्म समारोह 2019 में भारतीय मंडप का आयोजन  भारत में सिनेमा के वितरण, उत्पादन, फिल्मांकन में भागीदारी विकसित करने के साथ, स्क्रिप्ट विकास, प्रौद्योगिकी, फिल्म बिक्री को बढ़ावा देने और समूहन के उद्देश्य से भाषायी, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता का प्रदर्शन करने के लिए किया गया। भारतीय मंडप 'टोरंटो अंतरराष्ट्रीय  फिल्म समारोह' (सितंबर 2019) में भी लगाया गया था।


Popular posts from this blog

देवदास: लेखक रचित कल्पित पात्र या स्वयं लेखक

नई चुनौतियों के कारण बदल रहा है भारतीय सिनेमा

‘कम्युनिकेशन टुडे’ की स्वर्ण जयंती वेबिनार में इस बार ‘खबर लहरिया’ पर चर्चा